सिलीगुड़ी, 01 जुलाई।
फूलबाड़ी क्षेत्र की एक फैक्ट्री से तांबे के तार की चोरी के मामले में एनजेपी थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 3.7 किलो तांबे का तार भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अविनाश उरांव और विक्की उरांव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले फैक्ट्री में चोरी की घटना सामने आई थी। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने न्यू एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने बीती रात फूलबाड़ी के चेंगराबांधा इलाके से दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने दोनों के घरों की तलाशी ली, जहां से करीब तीन किलो 700 ग्राम तांबे का तार बरामद किया गया। बरामदगी के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। एनजेपी थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




















