मैहर, 01 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मैहर में मां शारदा मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। बुधवार से प्रभावी हुए इस निर्णय के साथ 'प्लास्टिक को हराना है, मैहर को जीताना है' अभियान की भी शुरुआत की गई।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के पूर्व में जारी आदेश के अनुसार मेला क्षेत्र में 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले पॉलिथीन कैरी बैग के उपयोग, बिक्री, भंडारण और वितरण पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन ने व्यापारियों और दुकानदारों को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े, जूट, कागज अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल बैग के उपयोग के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग करते पाए जाने पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं पॉलिथीन की बिक्री या भंडारण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंध लागू होने के साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं मेला क्षेत्र में सड़क पर पड़ी प्लास्टिक और पॉलिथीन एकत्र कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान में एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएमओ प्रिंस अग्रवाल सहित नगर पालिका और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन का कहना है कि मेला क्षेत्र को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




















