भोपाल, 01 जुलाई।
भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि राजा भोज विमानतल और उसके आसपास सुरक्षा, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने, पुलिस गश्त बढ़ाने तथा फ्लाईओवर के नीचे और अन्य आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
बुधवार को राजा भोज विमानतल सभागार में आयोजित एयरफील्ड पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में ये निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान विमानपत्तन निदेशक ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विमानतल की सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में एडीएम सुमित पांडेय, आलोक त्रिपाठी, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त ने विमानतल पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सभी आवश्यक सुविधाओं की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना लाइसेंस संचालित मांस और मछली की दुकानों के खिलाफ अभियान चलाने, खुले में अवैध विक्रय करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि विमानतल के आसपास शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी निर्माण कार्य से पहले भारतीय विमानन प्राधिकरण से एनओसी लेना अनिवार्य होगा। बिना एनओसी किसी भी निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही भोपाल विमानतल जोनिंग मैप के अंतर्गत निर्माण कार्यों की अनुमति निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही जारी करने के निर्देश दिए गए।
कर्मवीर शर्मा ने विमानतल और फ्लाइट अप्रोच क्षेत्र के आसपास लेजर तथा हाई-इंटेंसिटी लाइट के उपयोग पर नियमानुसार प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए। संबंधित पुलिस थानों को निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया। नगर निगम को कचरा स्थलों की नियमित सफाई, आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए डॉग स्क्वॉड की तैनाती और विमानतल के आसपास पेड़ों की नियमित जांच एवं छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा राजा भोज विमानतल के समीप स्थित मैरिज गार्डनों में लेजर बीम और हाई-इंटेंसिटी लाइट के उपयोग की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया।




















