एक्सक्लूसिव
02 Jul, 2026

रेलवे स्टेशन पर टटलूबाजी गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

रेलवे स्टेशनों पर अमाउंट कार्ड बनवाने का झांसा देकर नकदी और कीमती सामान ठगने वाले टटलूबाजी गैंग का जीआरपी ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है और गिरोह के तौर-तरीकों का भी खुलासा किया है।

जोधपुर, 02 जुलाई।

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अधिक नकदी या कीमती सामान साथ रखने पर कार्रवाई का डर दिखाकर ठगी करने वाले टटलूबाजी गैंग का राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य बंगाली, बिहारी और राजस्थानी भाषा बोलने में माहिर हैं तथा यात्रियों को कथित अमाउंट कार्ड बनवाने का झांसा देकर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे। यह कार्रवाई 7 मई को दर्ज एक मामले की जांच के दौरान की गई।

मामले के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी भावेश धोलाई ने जीआरपी थाना जोधपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और बातचीत के दौरान उसके पास मौजूद 15 ग्राम सोना, मोबाइल, तीन हजार रुपये नकद और आधार कार्ड की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपितों ने सोना साथ ले जाने के लिए अमाउंट कार्ड बनवाना जरूरी बताकर उसे अपने झांसे में लिया और उसका सामान लेकर फरार हो गए।

रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के साथ होने वाली धोखाधड़ी, टटलूबाजी और आरक्षण पक्का कराने के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। जीआरपी अधीक्षक केवलराम और उपाधीक्षक हरिराम सोनी के पर्यवेक्षण में निरीक्षक मुक्ता पारीक के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की।

पड़ताल में पता चला कि इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वाले गैंग के सदस्य अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं। वे स्टेशन पर समूह में नहीं रहते, बल्कि एक-दूसरे से अनजान होने का दिखावा करते हुए यात्रियों से संपर्क साधते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अलग-अलग रास्तों से दिल्ली रवाना हो जाते हैं। आरोपितों की तलाश में रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में विशेष गश्त और निगरानी अभियान चलाया।

जांच के बाद पुलिस ने दिल्ली निवासी पुष्पेंद्र बसंतवानी, बिहार निवासी अपुजर आलम और राजस्थान के पाली निवासी मीठू सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से सोने का एक टुकड़ा भी बरामद किया गया है। बाद में सभी आरोपितों को रेलवे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य स्वयं को पुलिस, जीएसटी या रेलवे की विशेष शाखा का अधिकारी बताकर यात्रियों को विश्वास में लेते थे। इसके बाद बिना लाइसेंस नकदी, सोने के आभूषण या अन्य कीमती सामान लेकर यात्रा करने पर कार्रवाई होने का डर दिखाते और अमाउंट कार्ड बनवाने के नाम पर उनका सामान हड़प लेते थे।

गैंग मुख्य रूप से रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर दूसरे राज्यों में नौकरी, व्यापार या मजदूरी करने वाले लोगों को निशाना बनाता था। सदस्य पहले उनकी भाषा में बातचीत कर भरोसा जीतते और फिर उनके पास मौजूद नकदी, आभूषण या अन्य कीमती सामान की जानकारी जुटाकर अपने साथियों तक पहुंचाते थे। इसके बाद गैंग का एक सदस्य कथित अधिकारी बनकर पहुंचता और अमाउंट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले का पीड़ित पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और जोधपुर में ज्वैलरी कारीगर के रूप में काम करता है। मजदूरी के रूप में मिले सोने के बिस्किट का टुकड़ा लेकर वह अपने घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान गैंग के एक सदस्य ने बंगाली भाषा में उससे बातचीत कर उसके पास मौजूद सोने की जानकारी हासिल की। बाद में अन्य सदस्य भी उससे जुड़े और एक व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अमाउंट कार्ड बनवाने की बात कही। गैंग के अन्य सदस्यों ने भी कार्ड बनवाने का दावा कर पीड़ित का भरोसा जीता और उसे झांसे में लेकर ठगी कर ली।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़