राजगढ़, 03 जुलाई।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में शिक्षा, किसानों की समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार, उज्जैन भूमि प्रकरण और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की घोषणा की है। राजगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह खींची ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को जनसंपर्क अभियान और विरोध प्रदर्शन के माध्यम से प्रदेशभर में जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए बताया कि विद्यार्थियों से संवाद के लिए 'छात्रों की गूंज' अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन में किसानों को डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की समय पर उपलब्धता नहीं हो रही है। कांग्रेस खाद की कथित कालाबाजारी, टोकन व्यवस्था, बिजली संकट और समर्थन मूल्य से जुड़े मुद्दों पर भी गांव-गांव अभियान चलाएगी।
पत्रकार वार्ता में उज्जैन भूमि प्रकरण और महाकाल लोक परियोजना से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच सर्वोच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की गई।
प्रियव्रत सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस जल्द एक डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी, जिसके माध्यम से आम नागरिक भ्रष्टाचार और सार्वजनिक संस्थानों के कथित दुरुपयोग से संबंधित दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे।
उन्होंने आंदोलन का कार्यक्रम भी घोषित किया। इसके तहत जुलाई माह में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन, ज्ञापन, जनजागरण साइक्लोथॉन, मुख्यमंत्री निवास का घेराव और उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर रैली आयोजित की जाएगी। साथ ही इन मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाने की बात भी कही गई।

















