भोपाल, 04 जुलाई।
भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर कॉलोनी में सेवानिवृत्त दंपती की डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले में पुलिस आयुक्त ने हत्या करने वालों या वारदात से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। घटना के सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
पुलिस के अनुसार, हेमंत फिलेमोन उर्फ हेमंत बारिक (64) और उनकी पत्नी शकुंतला बारिक (62) के शव 26-27 जून को उनके घर के भीतर सड़ी-गली अवस्था में मिले थे। प्रारंभिक जांच में हत्या 24 से 25 जून के बीच होने की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दोनों को पांच से सात फीट की दूरी से गोली मारी गई थी। घटनास्थल पर लूटपाट के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि दंपती की कोई संतान नहीं थी, हालांकि वे आसपास के लोगों से बेटे के विदेश में रहने की बात कहते थे। दोनों की दूसरी शादी थी। पुलिस अब संपत्ति विवाद, पारिवारिक साजिश और सुपारी किलिंग सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वारदात से कुछ दिन पहले घर में रहने वाला किराएदार भी लापता हो गया था, जिसकी तलाश जारी है।
जांच के दौरान दंपती के दोनों मोबाइल फोन चुनाभट्टी क्षेत्र के एक कूड़ेदान से बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, मोबाइल का डेटा डिलीट किया गया था, जिसे फॉरेंसिक जांच के जरिए रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में रेनकोट और दस्ताने पहने कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। एक शराब दुकान के कैमरे में ऑनलाइन भुगतान से जुड़े सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने जांच के सिलसिले में परिजनों से भी पूछताछ की है और उनके मोबाइल सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है।
मामले की जांच के लिए एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया गया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट, संपत्ति विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है तथा जल्द मामले के खुलासे की उम्मीद है।
















