नाहन, 04 जुलाई।
सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन सेल ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को डिटेक्शन सेल की टीम नाहन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नाहन के दो युवक बलेनो कार में चिट्टे की खेप लेकर कालाआम्ब की ओर से नाहन आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार चला रहे रमन लाल (32) निवासी गांव सुरला, तहसील नाहन और उसके साथ मौजूद विलक्षण सिंह (23) निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन के कब्जे से कुल 11.85 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और मादक पदार्थ तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

















