सिलीगुड़ी, 04 जुलाई।
सिलीगुड़ी महकमा प्राइमरी स्कूल काउंसिल में 1.17 करोड़ रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने एक और महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान प्रतिमा सरकार के रूप में हुई है। पुलिस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा सरकार के बैंक खाते में 53 लाख 47 हजार 700 रुपये के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं। इन वित्तीय लेनदेन के आधार पर मामले में उसकी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण का मुख्य आरोपित पेंशन क्लर्क रंजन दत्ता है, जो अभी फरार है। गिरफ्तार प्रतिमा सरकार उसके घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में अल्पना साहा को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
शनिवार को अल्पना साहा की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उसे और प्रतिमा सरकार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।
गौरतलब है कि पिछले महीने छह तारीख को तत्कालीन प्राइमरी स्कूल काउंसिल के चेयरमैन ने चेक जालसाजी के जरिए 1.17 करोड़ रुपये के गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान आरोपितों से जुड़े बैंक खातों में बड़ी रकम के लेनदेन की जानकारी सामने आई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मुख्य आरोपित की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कथित घोटाले का दायरा कितना बड़ा है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

















