राजनीति
04 Jul, 2026

2027 में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार : नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर गांव और हर मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया।

लखनऊ, 04 जुलाई।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश "उत्तम प्रदेश" के रूप में उभरा है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं है। इसलिए वह लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के बहकावे में न आने और विकास के एजेंडे पर काम करने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें हर गांव में प्रवास करना होगा और प्रत्येक घर तथा प्रत्येक मतदाता तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का सुख नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और तपस्या का माध्यम है।

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इससे पहले चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने नितिन नवीन का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक रोड शो किया, जहां विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

लखनऊ प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रसिद्ध शर्मा चाय प्रतिष्ठान पर चाय और बन-मक्खन का आनंद लिया। होटल ताज में सांसदों और विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास का अग्रणी राज्य बन रहा है और वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़