मुरादाबाद, 04 जुलाई।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान दो-दो गणनापत्र भरने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। राजस्व विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें संबंधित व्यक्तियों के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज होने के बावजूद उन्होंने फॉर्म-6 के माध्यम से दोबारा आवेदन किया था।
पुलिस ने बताया कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक यह घोषणा करता है कि वह पहली बार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा रहा है और उसका नाम किसी अन्य विधानसभा या संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। आवेदन पत्रों के सत्यापन के दौरान कई मामलों में यह घोषणा सही नहीं पाई गई।
जांच में विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी में एक व्यक्ति का एक ही आधार और पहचान से जुड़े दो गणनापत्र मिले। वहीं देहात विधानसभा क्षेत्र में तीन व्यक्तियों के दो-दो फॉर्म पाए गए, जिनके नाम पहले से जौनपुर की मतदाता सूची में दर्ज थे। मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र में भी एक व्यक्ति द्वारा दोबारा गणनापत्र भरने का मामला सामने आया।
पुलिस ने पांचों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















