चेन्नई, 04 जुलाई।
तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा का आरोप है कि 21 जून 2026 को मदुरै में आयोजित एक मैराथन प्रतियोगिता के दौरान मंत्री ने उसमें भाग लेने वाली नाबालिग लड़कियों के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया।
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान नैनार नागेंद्रन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं तमिलनाडु प्रभारी अरविंद मेनन तथा प्रदेश प्रवक्ता नारायणन तिरुपति भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद नैनार नागेंद्रन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उन्होंने राज्य में हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं और प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित शिकायतें राज्यपाल को सौंपी हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच पूरी होने तक संबंधित मंत्री को पद से हटाया जाए।
भाजपा ने एक अन्य ज्ञापन में आरोप लगाया कि 5 जून 2026 को हुई तमिलनाडु मंत्रिपरिषद की बैठक में संविधान के प्रावधानों के विपरीत सरकारी पद पर न होने के बावजूद जॉन आरोकियासामी और विष्णु रेड्डी को शामिल किया गया। पार्टी ने इस मामले की भी स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, प्रशासनिक पारदर्शिता और कानून के शासन को बनाए रखने के लिए दोनों मामलों में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच आवश्यक है। फिलहाल इन आरोपों पर संबंधित मंत्री या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

















