टॉप न्यूज़
04 Jul, 2026

बैंक धोखाधड़ी मामले में रिलायंस कैपिटल के पूर्व CFO अमित बापना गिरफ्तार

सीबीआई ने रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में रिलायंस कैपिटल के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) अमित बापना को गिरफ्तार किया है। अदालत ने उन्हें चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।

नई दिल्ली, 04 जुलाई।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) अमित बापना को रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के अनुसार, अगस्त 2014 से दिसंबर 2019 तक कंपनी के सीएफओ रहे अमित बापना ने कंपनी की वित्तीय गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जांच में आरोप है कि उन्होंने ऐसे ऋणों को मंजूरी दी, जो भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से लिए गए ऋणों की शर्तों के विपरीत थे।

जांच में यह भी सामने आया कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) द्वारा लिए गए ऋणों को विभिन्न मध्यस्थ कंपनियों के माध्यम से रिलायंस कैपिटल, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर जैसी समूह की अन्य कंपनियों में स्थानांतरित किया गया। एजेंसी का आरोप है कि इससे बैंकों को वित्तीय नुकसान हुआ और संबंधित कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचा।

सीबीआई ने बताया कि अमित बापना पहले से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच किए जा रहे एक अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद थे। विशेष न्यायाधीश से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त करने के बाद उन्हें मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां 4 जुलाई को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उन्हें चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।

एजेंसी ने बताया कि रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़े मामलों में अब तक सात एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस टेलीकॉम से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। इन मामलों की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जारी है। 29 मई को सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 16 आरोपियों को नामजद किया गया था। अमित बापना की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़