मध्य प्रदेश
04 Jul, 2026

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत, जबलपुर में चिकित्सकों को साइबर सुरक्षा के दिए गए टिप्स

जबलपुर के आईएमए भवन में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में चिकित्सकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, हनी ट्रैप और सोशल मीडिया सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

जबलपुर, 04 जुलाई।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार को सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत आईएमए भवन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सेल जबलपुर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी भूपेंद्र आर्मो और साइबर विशेषज्ञ नीरज नेगी ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन साइबर फ्रॉड, हनी ट्रैप, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और मोबाइल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने चिकित्सकों से किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया न देने की अपील की।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा और सचिव डॉ. शामिख रज़ा ने अतिथियों का आईएमए स्टोल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा करने के लिए विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. पी. नेमा, डॉ. कुसुम जैन, डॉ. कीर्ति जैन, डॉ. अशोक सर्राफ सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी ने मध्यप्रदेश शासन के सेफ क्लिक 2.0 अभियान की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़