राजनीति
04 Jul, 2026

तृणमूल में बढ़ते असंतोष के बीच ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला, बागी नेताओं को दी खुली चुनौती

तृणमूल कांग्रेस में बढ़ते असंतोष और इस्तीफों के बीच ममता बनर्जी ने भाजपा पर पार्टी में फूट डालने का आरोप लगाया। उन्होंने बागी नेताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो सीधे भाजपा में शामिल होकर मुकाबला करें।

कोलकाता, 04 जुलाई।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने पार्टी में बढ़ते असंतोष और इस्तीफों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर टीएमसी में फूट डालने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के समर्थन से कुछ नेता पार्टी के भीतर असंतोष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और पर्दे के पीछे रहकर राजनीतिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।

शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि उनमें वास्तव में साहस है तो वे सीधे भाजपा में शामिल होकर राजनीतिक मैदान में उनका सामना करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर पर्दे के पीछे राजनीति करने के बजाय खुलकर सामने आना चाहिए।

ममता बनर्जी ने कहा, "मैं उन विश्वासघाती और कृतघ्न लोगों को चुनौती देती हूं कि यदि उनमें हिम्मत है तो सीधे भाजपा में शामिल होकर मेरा सामना करें। भाजपा के प्रायोजित इस खेल को बंद करें।"

उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता सुब्रत बक्शी के स्वास्थ्य लाभ तक वह तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ पश्चिम बंगाल इकाई की अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी स्वयं संभालेंगी। संगठनात्मक बदलाव की घोषणा करते हुए उन्होंने कुणाल घोष और मदन मित्रा को पार्टी का महासचिव नियुक्त किए जाने की जानकारी दी।

ममता बनर्जी ने कहा कि जो नेता आज खुद को बागी बता रहे हैं, उन्होंने पिछले 15 वर्षों के दौरान कभी भी पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी असहमति नहीं जताई। उन्होंने कहा कि जब वे सांसद, विधायक, मंत्री और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर थे, तब उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता ही तृणमूल कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं से जनता के जनादेश का सम्मान करने की अपील की।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब तृणमूल कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी के भीतर असंतोष को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़