नई दिल्ली, 04 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पंजाब की कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद तरुण चुघ ने कहा कि राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद उन्होंने अमित शाह से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।
तरुण चुघ ने बताया कि बैठक के दौरान पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, सीमा पार से ड्रोन और नशा तस्करी, गैंगस्टर गतिविधियों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने राज्य की मौजूदा परिस्थितियों और जनभावनाओं से भी गृह मंत्री को अवगत कराया तथा शांति, सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब वर्तमान में नशे, गैंगस्टरवाद, अपराध, सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद और कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सुरक्षित, समृद्ध, नशामुक्त और विकासोन्मुख पंजाब की अपेक्षा रखती है।
तरुण चुघ ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 में यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास का नया अध्याय स्थापित होगा।
उन्होंने कहा कि शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर भारतीय जनता पार्टी पंजाब को पुनः सुरक्षित, समृद्ध, खुशहाल और नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

















