सरकार व नीतियाँ
04 Jul, 2026

मध्य प्रदेश बन रहा देश का क्रिटिकल मिनरल हब, बैतूल से आलीराजपुर तक मिले ग्रेफाइट के विशाल भंडार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैतूल से आलीराजपुर तक उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट के विशाल भंडार मिलने से मध्य प्रदेश देश का उभरता हुआ क्रिटिकल मिनरल हब बन रहा है। इससे ईवी, ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उद्योगों को नई गति मिलेगी।

भोपाल, 04 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बैतूल से आलीराजपुर तक फैली खनिज बेल्ट में उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट के विशाल भंडार मिलने से मध्य प्रदेश देश के उभरते हुए क्रिटिकल मिनरल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खनिज संपदा और निवेश अनुकूल नीतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत मिशन को नई मजबूती दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बैतूल, आलीराजपुर और सीधी जिलों में उच्च स्थिर कार्बन (हाई फिक्स्ड कार्बन) और उत्कृष्ट फ्लेकी गुणवत्ता वाला ग्रेफाइट मिला है, जो इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), ऊर्जा भंडारण, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा रक्षा उद्योगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के अनुसार बैतूल जिले में लगभग 11 मिलियन मीट्रिक टन ग्रेफाइट संसाधनों का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा आलीराजपुर जिले के खट्टाली छोटी ग्रेफाइट ब्लॉक का अधिग्रहण किए जाने से प्रदेश में व्यावसायिक ग्रेफाइट खनन को नई गति मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार बैतूल क्षेत्र में ग्रेफाइट के साथ वेनेडियम जैसे महत्वपूर्ण क्रिटिकल मिनरल मिलने की भी संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रेफाइट लिथियम-आयन बैटरियों के एनोड निर्माण का प्रमुख कच्चा माल है। इसके उत्पादन में वृद्धि से इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग, ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं, पवन एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र तथा रक्षा एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों को घरेलू स्तर पर कच्चा माल उपलब्ध होगा। इससे ग्रेफाइट के आयात पर निर्भरता कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि बैतूल, आलीराजपुर और आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में ग्रेफाइट आधारित उद्योगों, प्रसंस्करण इकाइयों और रिफाइनरी परियोजनाओं के स्थापित होने से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश देश का सबसे बड़ा मैंगनीज उत्पादक, तांबा अयस्क भंडार वाला अग्रणी राज्य, चूना पत्थर उत्पादन में दूसरा, कोयला उत्पादन में चौथा तथा देश का एकमात्र हीरा उत्पादक राज्य है। उन्होंने कहा कि कटनी में स्वर्ण अयस्क, डोलोमाइट, तांबा, लेड, जिंक और चांदी के भंडार भी औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं पैदा कर रहे हैं। वहीं, माइनिंग कॉन्क्लेव 2.0 में प्रदेश को 56,414 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में रेयर अर्थ मिनरल्स की खोज का कार्य तेज किया गया है। खनिज संसाधन विभाग और भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) के सहयोग से विभिन्न जिलों के खनिज नमूनों का वैज्ञानिक परीक्षण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में नए रणनीतिक खनिज भंडारों की पहचान संभव होगी।

|
आज का राशिफल

समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। कार्यक्षेत्र में आगे बढऩे में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। कारोबारी यात्रा को फिलहाल टालें। जो चल रहा है उसे सावधानीपूर्वक संभालें। शुभांक-1-3-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 31°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़