बाग, 04 जुलाई।
धार जिले की बाग पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत के निर्देशन में बाग थाना और डेहरी चौकी की संयुक्त टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पहाड़वा, थाना जोबट, जिला अलीराजपुर निवासी लखन उर्फ नानकिया बघेल को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाग, डेहरी चौकी, मनावर, नौगांव तथा मंदसौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच बाइक बरामद कर लीं।
बरामद वाहनों में दो बजाज पल्सर, दो हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस और एक होंडा सीबी शाइन शामिल हैं। पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

















