नई दिल्ली, 04 जुलाई।
पंजाब में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में जारी अंदरूनी मतभेदों को लेकर भाजपा ने पार्टी पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस विभिन्न खेमों में बंट चुकी है और उसके भीतर आपसी खींचतान लगातार बढ़ रही है।
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस में आंतरिक विवाद चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पार्टी स्वयं को राष्ट्रीय दल बताती है, वह अब राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बजाय जातीय आधार पर बने गुटों के प्रभाव में काम कर रही है। उनके अनुसार, पार्टी के नेता संगठन को मजबूत करने के बजाय केवल शीर्ष नेतृत्व को संतुष्ट करने में लगे हैं।
तरुण चुग ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी सार्वजनिक रूप से यह कहा है कि कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा जाति के आधार पर की जा रही है। उनका दावा है कि इसी वजह से कांग्रेस विभिन्न वर्गों, क्षेत्रों और जातीय समूहों में बंटी हुई दिखाई दे रही है।
हाल ही में कांग्रेस नेतृत्व ने पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है। इसके तहत चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रताप सिंह बाजवा को नेता प्रतिपक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है।
इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने चमकौर साहिब में अपने समर्थक नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद उनके समर्थक नेताओं ने स्पष्ट कहा कि वे अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में स्वीकार नहीं करते।

















