अररिया, 04 जुलाई।
अररिया आरएस थाना क्षेत्र में हुए समीउल्लाह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, हरियाबारा टोल प्लाजा के पास 25 वर्षीय समीउल्लाह की गुरुवार देर रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आरएस थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरियाबारा निवासी 26 वर्षीय महमूद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू तथा वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
जांच के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस का कहना है कि तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

















