नई दिल्ली, 04 जुलाई।
राजधानी के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 6 जुलाई से शुरू होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आयोजन से पहले शनिवार को व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति, इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन और अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बॉक्सिंग को आम लोगों तक पहुंचाना और खिलाड़ियों को पहचान के साथ बेहतर आर्थिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल बॉक्सिंग का मजबूत ढांचा तैयार होने से भारतीय मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर बेहतर प्रदर्शन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
बैठक में दिल्ली के विधायक अशोक गोयल ने कहा कि इस तरह के आयोजन बॉक्सिंग को नई पहचान देने के साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करेंगे। वहीं आयोजन समिति के सदस्य शशिकांत मिश्रा ने बताया कि लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर होगा, जबकि दर्शक बुकमायशो के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।
पूर्व महापौर जयप्रकाश ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग को भविष्य में विश्वस्तरीय प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन भारतीय बॉक्सिंग को नई पहचान दिलाने के साथ युवाओं को इस खेल की ओर आकर्षित करेगा।
6 जुलाई से शुरू होने वाली इस लीग में चार टीमों के कुल 32 मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता भारतीय प्रोफेशनल बॉक्सिंग के विकास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

















