अपराध
09 Jul, 2026

नवादा में फर्जी दस्तावेज से 20 लाख का लोन, पुश्तैनी मकान पर उठे सवाल

नवादा के हिसुआ में फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे की पुश्तैनी संपत्ति पर 20 लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया, पुलिस जांच कर रही है।

नवादा, 9 जुलाई।

नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड में फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे की पुश्तैनी संपत्ति पर 20 लाख रुपये का लोन लेने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब बैंक कर्मचारी लोन की वसूली के लिए मकान मालिक के घर पहुंचे। बैंक कर्मियों की बात सुनकर परिवार के लोग हैरान रह गए और मामले की जानकारी हुई।

मामला तुंगी पंचायत के रामपुर मंझवे गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी और पूर्व पैक्स अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद के बेटे अंकित कुमार उर्फ जितेंद्र यादव ने बताया कि गुरुवार को उत्कर्ष बैंक के कर्मचारी उनके घर पहुंचे। उन्होंने जानकारी दी कि सुलेखा देवी पति हीरा विश्वकर्मा के नाम पर 20 लाख रुपये का लोन लिया गया है और उसकी वसूली के लिए वे आए हैं।

यह सुनकर परिवार के लोग सकते में आ गए, क्योंकि जिस मकान को लोन के लिए इस्तेमाल किया गया है, वह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। परिवार का कहना है कि उन्हें इस कर्ज के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी और बैंक कर्मचारियों के आने के बाद पूरे मामले का पता चला।

पीड़ित अंकित कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी ने उनकी संपत्ति के कथित फर्जी दस्तावेज और वीडियो का इस्तेमाल कर अपनी पत्नी के नाम से बैंक से लोन ले लिया। बिना वास्तविक मालिक की जानकारी के इस तरह लोन स्वीकृत होने को लेकर परिवार ने सवाल उठाए हैं।

घटना सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने गुरुवार को हिसुआ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय ने बताया कि परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लोन स्वीकृत कराया गया।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़