झुंझुनू, 9 जुलाई।
झुंझुनू जिले के नवलगढ़ कस्बे में एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की चाकू से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटे ने खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन कर मां की हत्या करने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायल महिला को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
यह घटना नवलगढ़ शहर में कृषि उपज मंडी के सामने की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 59 वर्षीय प्रभाती देवी पत्नी स्वर्गीय शीशराम के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनौर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में नवलगढ़ में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटा राजवीर पीडब्ल्यूडी विभाग में बाबू के पद पर कार्यरत है। वह शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसकी पत्नी अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ मायके में रह रही थी। घर में राजवीर अपनी मां प्रभाती देवी के साथ ही रहता था।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर राजवीर का अपनी मां से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद गुस्से में आकर उसने रसोई से चाकू उठाया और मां पर लगातार वार कर दिए। हमले में प्रभाती देवी गंभीर रूप से घायल होकर कमरे में गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि उसने अपनी बहन और बहनोई शिवकुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में प्रभाती देवी को नवलगढ़ जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
नवलगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मकान को सील कर दिया। मृतका के दामाद शिवकुमार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी बेटे को घर से ही हिरासत में ले लिया है।















