मध्य प्रदेश
09 Jul, 2026

प्रसव के बाद महिला की मौत पर निजी क्लीनिक में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

मंदसौर में प्रसव के बाद महिला की मौत पर परिजनों ने निजी क्लीनिक के बाहर प्रदर्शन कर उपचार में लापरवाही की जांच की मांग की।

मंदसौर, 9 जुलाई।

मंदसौर जिले में प्रसव के कुछ दिनों बाद एक महिला की उपचार के दौरान मौत होने से गुरुवार को नई आबादी स्थित निजी क्लीनिक के बाहर हंगामा हो गया। मृतका के परिजन शव लेकर क्लीनिक पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के बोरवनी निवासी 26 वर्षीय पूजा कुंवर का इलाज नई आबादी स्थित स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक में डॉ. रोशनी जैन की देखरेख में चल रहा था। परिजनों के अनुसार 24 जून को महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 25 जून को ऑपरेशन के जरिए जुड़वा बेटियों का जन्म हुआ।

परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बाद भी समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं किया गया। इसके बाद 26 जून को महिला को अहमदाबाद ले जाया गया, जहां कई दिनों तक उपचार के बाद 8 जुलाई की रात उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अहमदाबाद के चिकित्सकों ने उपचार के दौरान चढ़ाए गए रक्त में थक्के होने की जानकारी दी थी, जिससे महिला की स्थिति और खराब हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति की ओर से उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डॉ. रोशनी जैन ने परिजनों के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह पिछले डेढ़ वर्ष से महिला का उपचार कर रही थीं। उन्होंने बताया कि प्रसव के दौरान दो स्वस्थ बच्चियों का जन्म हुआ था, लेकिन बाद में महिला को पोस्ट पार्टम हेमरेज (पीपीएच) की समस्या हुई।

डॉ. जैन के अनुसार महिला को तत्काल उपचार दिया गया, आवश्यक रक्त चढ़ाया गया और हालत गंभीर होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़