राजगढ़, 9 जुलाई।
राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र में कुएं में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। हादसा धनवासखुर्द गांव में गुरुवार दोपहर हुआ। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार ग्राम हरीपुरा थाना दांगीपुरा निवासी ताराबाई (12) पुत्री रामदयाल तंवर इन दिनों अपने मामा के गांव धनवासखुर्द में रह रही थी। गुरुवार को वह अपनी सहेलियों के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थी।
इसी दौरान सभी सहेलियां गांव के करणसिंह तंवर के कुएं पर नहाने पहुंचीं। नहाते समय अचानक ताराबाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी।
बालिका के पानी में डूबने पर सहेलियों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि बालिका किन परिस्थितियों में कुएं में गिरी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।















