जोधपुर, 9 जुलाई।
जोधपुर के शताब्दी सर्किल के पास खड़े एक ट्रेलर से 100 सीमेंट बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। कंपनी मैनेजर ने ट्रक चालक और कुछ मजदूरों पर मिलीभगत कर सीमेंट चोरी करने का आरोप लगाते हुए कुड़ी भगतासनी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कुड़ी भगतासनी सेक्टर-8 निवासी श्रवणराम विश्नोई श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी का ट्रेलर 4 जुलाई को सिरोही स्थित जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट से 840 बैग सीमेंट लेकर जोधपुर पहुंचा था।
मैनेजर के अनुसार रात में संबंधित पार्टी ने सीमेंट खाली करने से मना कर दिया, जिसके बाद चालक ट्रेलर को शताब्दी सर्किल स्थित कंपनी के पुराने कार्यालय के पास खड़ा कर वहीं सो गया।
अगले दिन 5 जुलाई को जब ट्रेलर कुड़ी स्थित व्यास अस्पताल में सीमेंट खाली करने पहुंचा और सामान की गिनती की गई तो करीब 100 सीमेंट बैग कम मिले। इसके बाद कंपनी की ओर से जांच की गई।
श्रवणराम विश्नोई ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक रमेश निवासी डोली की मिलीभगत से मजदूरों ने ट्रेलर से करीब 100 सीमेंट बैग चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच एएसआई हनुमानराम कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल नामजद लोगों से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल जारी है।















