मध्य प्रदेश
09 Jul, 2026

सतना में शुरू हुआ प्रदेश का पहला वर्क कैफे पोस्ट ऑफिस, युवाओं को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं

सतना में इंडिया पोस्ट ने युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्क कैफे थीम आधारित नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस की शुरुआत की है।

सतना, 9 जुलाई।

मध्यप्रदेश के सतना में डाक सेवाओं को आधुनिक रूप देने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। इंडिया पोस्ट ने मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदेश का पहला वर्क कैफे थीम आधारित नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस शुरू किया है। इसका शुभारंभ मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर ने किया।

जबलपुर रीजन का यह पहला ऐसा पोस्ट ऑफिस है, जिसे युवाओं की जरूरतों और डिजिटल इंडिया की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। पारंपरिक डाकघरों से अलग इस पोस्ट ऑफिस को वर्क कैफे की तर्ज पर विकसित किया गया है।

इस आधुनिक पोस्ट ऑफिस में विद्यार्थी, शोधार्थी, मेडिकल कॉलेज के छात्र और आम नागरिक डाक सेवाओं के साथ अध्ययन, ऑनलाइन काम और बैठकों के लिए भी सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।

पोस्ट ऑफिस में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, कॉफी वेंडिंग मशीन, पुस्तकों और बोर्ड गेम्स से युक्त बुक कॉर्नर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्य डाकघर के जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक खरे ने बताया कि इस एन-जेन पोस्ट ऑफिस को ‘डू-इट-योरसेल्फ’ मॉडल पर विकसित किया गया है। यहां लगे सेल्फ-बुकिंग कियोस्क के माध्यम से ग्राहक स्वयं स्पीड पोस्ट, पार्सल और अन्य डाक सेवाओं की बुकिंग कर सकेंगे।

ग्राहकों के लिए भुगतान की सुविधा को भी डिजिटल बनाया गया है। क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था से डाक सेवाओं की प्रक्रिया को आसान और तेज किया गया है।

इस पोस्ट ऑफिस में माय स्टाम्प सुविधा भी शुरू की गई है। इसके माध्यम से लोग अपनी पसंद की तस्वीर, परिवार, संस्था या विशेष आयोजन की फोटो के साथ व्यक्तिगत डाक टिकट तैयार करा सकेंगे।

डाक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस का उद्देश्य केवल डाक सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को आधुनिक और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना भी है। सतना में शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों के लिए मॉडल बन सकती है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़