विदिशा, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में 15 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले मानौरा मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रुचि वर्धन मिश्र ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रथ मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने रथ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग को पूरे मार्ग की विद्युत वायरिंग की तकनीकी जांच कराने और आवश्यकता होने पर उसे सुरक्षित बनाने के लिए कहा। साथ ही रथ मार्ग के दोनों ओर स्थित निर्माणाधीन भवनों और कच्चे मकानों की छतों पर लोगों के चढ़ने पर रोक लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश भी दिए।
आईजी रुचि वर्धन मिश्र ने मेला अवधि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग संचालन और आपातकालीन निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा।
निरीक्षण से पहले संभागायुक्त और आईजी ने मानौरा स्थित श्री भगवान जगदीश स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की। इस दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी बीच महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित यशोदा एडॉप्शन सेंटर से एक शिशु को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत महाराष्ट्र के एक पात्र दत्तक परिवार को विधिवत सौंपा गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता कांसवा ने बताया कि सभी कानूनी और चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शिशु को नया परिवार मिला। जिले से अब तक 32 बच्चों का सफलतापूर्वक दत्तक ग्रहण कराया जा चुका है, जिनमें 27 बच्चों को भारतीय और पांच बच्चों को विदेशी परिवारों ने गोद लिया है।















