पाली, 9 जुलाई।
तखतगढ़ थाना क्षेत्र के पावा गांव स्थित महादेव मंदिर में बुधवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में घुसे बदमाशों का पुजारी और उनके बेटे-भांजे ने साहस के साथ सामना किया, लेकिन बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और करीब सात किलो चांदी के छत्र व मुकुट लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
मंदिर के पुजारी भरत गोस्वामी ने बताया कि बुधवार रात वह अपने बेटे गौरव गोस्वामी के साथ मंदिर परिसर के कमरे में सो रहे थे। उनका भांजा निलेश गोस्वामी मंदिर की छत पर सोया हुआ था। देर रात ताला टूटने की आवाज सुनकर निलेश की नींद खुली तो उसने देखा कि दो नकाबपोश बदमाश मंदिर में घूम रहे हैं। उसने घटना का वीडियो बनाया और तुरंत अपने मामा को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुजारी, उनका बेटा और भांजा लाठियां लेकर मंदिर पहुंचे और बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुजारी ने एक बदमाश की पीठ पर लाठी से वार भी किया। तभी पीछे से पहुंचे दूसरे नकाबपोश बदमाश ने पिस्टल निकालकर तीनों को धमकाया और पीछे हटने के लिए कहा। हथियार देखकर उन्हें पीछे हटना पड़ा।
इसके बाद बदमाशों ने मंदिर की मूर्तियों पर लगे चांदी के 17 छत्र और कई चांदी के मुकुट उतार लिए। चोरी किए गए आभूषणों का वजन करीब 7 किलो चांदी बताया जा रहा है। बदमाश मंदिर की छत के रास्ते से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर तखतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले मंदिर की रेकी की और योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।















