औरैया, 9 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के अजीतमल कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता तब चला जब इलाज कराकर दिल्ली से लौटे दंपती ने घर का ताला खोला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी अवध बिहारी दुबे अपनी पत्नी उमा दुबे के साथ 15 जून को इलाज के लिए दिल्ली गए थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार रात करीब 10 बजे जब दंपती वापस घर पहुंचे और अंदर गए तो कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अलमारी का लॉक उखड़ा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर की हालत देखकर दंपती को चोरी की जानकारी हुई।
पीड़ित अवध बिहारी दुबे ने बताया कि चोर घर से दो सोने की अंगूठियां, महिलाओं की तीन सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, झुमकी, लर, पायल, कंधौनी सहित कई कीमती आभूषण ले गए। इसके अलावा करीब 80 हजार रुपये नकद, दो बोरी सरसों, स्टील के बर्तन, मिक्सी मशीन और अन्य घरेलू सामान भी चोरी हुआ है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों के आने-जाने वाले रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।















