बैतूल, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली में गुरुवार को कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं, क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार, नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
आंदोलन की शुरुआत बाजार चौक पर आयोजित सभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने किसानों को खाद-बीज वितरण में हो रही परेशानियों, बिजली कटौती, नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार और अवैध नशे के कारोबार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। इसके बाद बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा आयोजित की गई और बाजार चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई।
तहसील कार्यालय पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रैली को रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। मौके पर कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी होती रही। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
कांग्रेस ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में किसानों के लिए ई-टोकन प्रणाली से खाद-बीज वितरण में आ रही समस्याओं के समाधान, एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई, नगर परिषद चिचोली में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, वनग्रामों के पात्र हितग्राहियों को पट्टे, बिजली कटौती रोकने और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत सहित नौ प्रमुख मांगें उठाईं। इसके अलावा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति पर पुनर्विचार और कुछ चर्चित मामलों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन बघेल, ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल और पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी सहित कई नेताओं ने किया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।















