भोपाल, 9 जुलाई।
ऐशबाग डबल मर्डर की जांच में तेजी लाते हुए भोपाल पुलिस ने मामले से जुड़े संदिग्धों की पहचान बताने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार इनाम घोषित किया है। पुलिस ने जांच के दौरान मिले कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक किए हैं और लोगों से संदिग्धों की पहचान कराने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार थाना ऐशबाग में दर्ज अपराध क्रमांक 265/2026 की विवेचना के दौरान सेवानिवृत्त दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला फिलेमोन के दोनों मोबाइल फोन कोलार रोड स्थित डी-मार्ट के पीछे बने सुनसान क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। यही स्थान अक्टूबर 2025 में बोरी में मिले एक अज्ञात महिला के शव के टुकड़ों की बरामदगी के कारण पहले भी चर्चा में रहा था। इस समानता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उस पुराने ब्लाइंड मर्डर की केस डायरी, फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का भी पुनः परीक्षण शुरू कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दोनों घटनाओं के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। जांच का फोकस इस बात पर है कि अपराधियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से इस सुनसान इलाके का इस्तेमाल किया या फिर दोनों मामलों में इस स्थान का सामने आना केवल संयोग है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अपराध करने का तरीका अलग-अलग दिखाई देता है, लेकिन जिस स्थान से दंपती के मोबाइल मिले हैं, उसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक दोनों मामलों को जोड़ने वाला कोई ठोस आधार सामने नहीं आया है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र चौहान के मुताबिक, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आशंका है कि आरोपी मध्य प्रदेश से बाहर के पेशेवर अपराधी हो सकते हैं। फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने के कारण एआई तकनीक की मदद से संदिग्धों के चेहरे से मिलती-जुलती तस्वीरें तैयार कराई जाएंगी, ताकि उनकी पहचान आसान हो सके।
मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में संभावित ठिकानों पर पड़ताल कर रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी हो तो थाना ऐशबाग, एसीपी क्राइम ब्रांच या पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना दें। उपयोगी और सही जानकारी उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को 50 हजार इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।















