मध्य प्रदेश
09 Jul, 2026

30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, बंटवारा-नामांतरण के बदले मांगी थी रकम

विदिशा की नटेरन तहसील में पदस्थ पटवारी संदीप यादव को भोपाल लोकायुक्त ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर बंटवारा, नामांतरण और फौती प्रकरण के निपटारे के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

भोपाल, 09 जुलाई।

भोपाल लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विदिशा जिले की नटेरन तहसील में पदस्थ पटवारी संदीप यादव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती प्रकरण के निराकरण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, विदिशा के काठी मोहल्ला निवासी प्रमेन्द्र धाकड़ ने 6 जुलाई को भोपाल लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि संबंधित पटवारी राजस्व संबंधी प्रकरणों के निपटारे के लिए 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को शिकायतकर्ता आरोपी के निजी कार्यालय में रिश्वत की राशि देने पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने 30 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़