भोपाल, 09 जुलाई।
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा ने गुरुवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी ओर से उठाई गई जनसमस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे और स्थानीय समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री वर्मा ने प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, अन्य मामलों को संबंधित विभागों के पास शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का प्रभावी और त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा संबंधित विभागों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।















