सुपौल, 10 जुलाई।
सदर थाना क्षेत्र में वर्षों से चल रहा भूमि विवाद शुक्रवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। सुखपुर-सोल्हनी पंचायत के धोरे कटैया वार्ड संख्या-17 में 20 वर्षीय नीतीश कुमार पर कथित तौर पर 15 से 16 लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक का दाहिना हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि उसके सिर पर भी कई गंभीर वार किए गए।
गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत बेहद चिंताजनक है।
घायल के पिता रामबहादुर यादव के मुताबिक, पड़ोसी रविन्द्र यादव के साथ करीब दो कट्ठा जमीन को लेकर पिछले आठ वर्षों से विवाद चल रहा है। शुक्रवार दोपहर उनका पुत्र नीतीश कुमार नुनुपट्टी से साइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि रविन्द्र यादव के घर के पास पहले से घात लगाए बैठे 15 से 16 लोगों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और दबिया, कुदाल समेत अन्य धारदार हथियारों से लगातार हमला कर दिया।
परिजनों का कहना है कि हमलावर युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो नीतीश लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसका दाहिना हाथ शरीर से अलग हो चुका था और सिर पर गहरे जख्म थे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण भी कर रही है। सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि भूमि विवाद में युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।











.jpg)

