सुपौल, 10 जुलाई।
भपटियाही थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 240 बोतल बीयर बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने बीयर की खेप जब्त करने के साथ ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई 500 मिलीलीटर क्षमता की कुल 240 बोतल बीयर बरामद हुई। बीयर 10 कार्टन में पैक थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर ट्रक (एचआर73ए4167) भूटान से इंदौर जा रहा था और भपटियाही थाना क्षेत्र के पिपराखुर्द स्थित एनएच-27 पर किसी व्यक्ति को बीयर की खेप की डिलीवरी की जानी थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद वाजिद को गिरफ्तार कर लिया। वह हरियाणा के नूंह (पूर्व में मेवात) जिले के नगीना थाना क्षेत्र के राजा गांव का निवासी बताया गया है।
भपटियाही थाना पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एनएच-27 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें बीयर की खेप बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक और जब्त बीयर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।











.jpg)

