राजनीति
16 Jul, 2026

मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग से बढ़ रहे रोजगार के अवसर : मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत टेक्स-2026 में कहा कि मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, पीएम मित्र पार्क, निवेश और औद्योगिक नीतियों से कपड़ा उत्पादन तथा रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

भोपाल, 16 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से टेक्सटाइल उद्योग को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य में कपड़ा उत्पादन और रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भारत टेक्स-2026 के अंतर्गत आयोजित राउंड टेबल संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि धार जिले में विकसित हो रहा देश का पहला पीएम मित्र पार्क प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से तीन लाख लोगों को रोजगार देगा तथा मालवा-निमाड़ क्षेत्र के छह लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना खेत से गारमेंट उद्योग और वहां से वैश्विक बाजार तक प्रदेश के उत्पादों की पहुंच को आसान बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महेश्वरी और चंदेरी साड़ियां मध्य प्रदेश की समृद्ध वस्त्र परंपरा की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ब्रांडिंग और पैकेजिंग के वर्तमान दौर में राज्य का पारंपरिक वस्त्र उद्योग भी नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। महेश्वरी और चंदेरी वस्त्र आज भी देश और विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अब जरी, रेशम, मैनमेड फाइबर और कॉटन उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था, कुशल श्रमिकों की उपलब्धता और उद्योगों के अनुकूल वातावरण के कारण राज्य निवेश के लिए उपयुक्त स्थान बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने उद्योगपतियों और निवेशकों से किए गए सभी वादे पूरे किए हैं। मई 2026 तक की सभी सब्सिडी संबंधी देनदारियों का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा चुका है। पिछले डेढ़ वर्ष में करीब 5,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी उद्योगों को उपलब्ध कराई गई है। साथ ही ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राज्य सरकार की ओर से टेक्सटाइल और गारमेंट क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक नीतियों और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की ओर से राज्यों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठक कर निवेश, उत्पादन, निर्यात और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, मैनमेड एंड टेक्निकल टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल तथा द कॉटन टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के साथ सहयोग संबंधी एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत टेक्स-2026 प्रदर्शनी का अवलोकन किया और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल चर्चा में भाग लिया।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़