सरकार व नीतियाँ
16 Jul, 2026

अमृत भारत योजना के तहत तीन पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन कल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत असम और पश्चिम बंगाल के तीन पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।

गुवाहाटी, 16 जुलाई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से असम के माजबाट तथा पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रोड और हल्दीबाड़ी के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में विकसित 75 रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण का हिस्सा होगा।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि असम में इस योजना के तहत चयनित 50 स्टेशनों में हयबरगांव के बाद माजबाट दूसरा स्टेशन है, जिसका उद्घाटन किया जाएगा। माजबाट स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 10.19 करोड़ रुपये, जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन का 34.80 करोड़ रुपये और हल्दीबाड़ी स्टेशन का करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह पहल क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ बेहतर संपर्क व्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। तीनों स्टेशनों का पुनर्विकास पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पूसीरे के अनुसार, यह परियोजना केवल रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वोत्तर क्षेत्र को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने की दिशा में भी अहम पहल है। असम और पश्चिम बंगाल की भागीदारी भारतीय रेल की इस महत्वाकांक्षी स्टेशन पुनर्विकास योजना को नई गति दे रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित माजबाट, जलपाईगुड़ी रोड और हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर सुगम्यता और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इन स्टेशनों का नया स्वरूप यात्री सुविधा के साथ क्षेत्रीय विरासत को भी प्रदर्शित करेगा।

पूसीरे का मानना है कि इन स्टेशनों का उद्घाटन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अन्य पुनर्विकासाधीन स्टेशनों के लिए भी प्रेरक मॉडल बनेगा। प्रधानमंत्री द्वारा इन स्टेशनों का लोकार्पण क्षेत्र में आधुनिक रेल अवसंरचना और भविष्य की बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़