सरकार व नीतियाँ
16 Jul, 2026

पीएम मित्र पार्क के 90% भूखंड आवंटित, निवेश में आगे बढ़ा मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धार के पीएम मित्र पार्क में 90 प्रतिशत भूखंड आवंटित हो चुके हैं और भारत टेक्स-2026 में राज्य को 1,592 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

भोपाल, 16 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क देश का सबसे बड़ा गारमेंट पार्क बन रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना में 90 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका है, जिसे राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया जा रहा है।

नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स-2026 में भाग लेने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक वस्त्र निर्माण और कपास उद्योग लंबे समय से भारत की पहचान रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योग में उपलब्ध संभावनाओं और क्षमताओं को भारत टेक्स-2026 के मंच पर प्रस्तुत किया है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी थी। भूमि पूजन के साथ ही पार्क के 90 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन पूरा होना राज्य सरकार की कार्यक्षमता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क के आसपास भी उद्योग स्थापित करने के लिए निवेशकों की ओर से भूमि की मांग लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल वातावरण, कच्चे माल की उपलब्धता और विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य की निर्यात क्षमता और रोजगार सृजन की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

डॉ. यादव ने बताया कि भारत टेक्स-2026 के दौरान टेक्सटाइल क्षेत्र में 1,592 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से 15,700 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह तथा उद्योग जगत और वैश्विक ब्रांड्स के प्रतिनिधियों के साथ इस संबंध में सार्थक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है, जहां टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर की पूरी वैल्यू चेन उपलब्ध है। कपास उत्पादन से लेकर धागा, गारमेंट निर्माण और मशीनरी तक की व्यवस्था प्रदेश में मौजूद है। उन्होंने बताया कि जैविक कपास उत्पादन में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर है और राज्य में 'फार्म टू फैशन' इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश से 11,750 करोड़ रुपये का टेक्सटाइल एवं गारमेंट निर्यात विभिन्न देशों में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र के सैकड़ों उद्योग संचालित हो रहे हैं और 43 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं। इस क्षेत्र में 2,400 करोड़ रुपये के निवेश से तीन लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। धार के पीएम मित्र पार्क में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 30 बड़ी कंपनियों की भागीदारी से क्षेत्र के कपास उत्पादक किसानों को भी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के लिए आर्थिक प्रोत्साहन, बिजली आपूर्ति, भूमि आवंटन और स्टांप शुल्क में रियायत जैसी नीतियों के कारण मध्य प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन, कौशल विकास और औद्योगिक अधोसंरचना पर भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में मिले निवेश प्रस्तावों में से करीब 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है और वर्ष 2027 में होने वाली अगली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि उद्योगों को साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा चुकी है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में संभाग स्तर पर आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से छोटे शहरों में भी औद्योगिक विकास को गति मिली है। नर्मदापुरम, रीवा, ग्वालियर, जबलपुर, सिंगरौली, सतना, कटनी, सागर, शिवपुरी और गुना सहित कई जिलों में नए औद्योगिक प्रकल्प विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 37 से अधिक इंडस्ट्रियल पार्क संचालित हैं और मध्य प्रदेश टेक्सटाइल के साथ अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़