राजनीति
16 Jul, 2026

भारतीय निर्वाचन प्रणाली की पारदर्शिता पर बोले ज्ञानेश कुमार

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारतीय निर्वाचन प्रणाली की पारदर्शिता और बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था के कारण दुनिया भर में उस पर भरोसा किया जाता है।

मुरादाबाद, 16 जुलाई।

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारतीय निर्वाचन प्रणाली अपनी पारदर्शिता और मजबूत निगरानी व्यवस्था के कारण दुनिया भर में भरोसेमंद मानी जाती है। यही वजह है कि कई देशों के प्रतिनिधिमंडल इसकी कार्यप्रणाली को समझने और अध्ययन करने के लिए भारत आते हैं।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े बीएलओ, सुपरवाइजरों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारतीय चुनाव प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रश्नोत्तर सत्र में उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए हालिया चुनावों में बढ़ी मतदाता भागीदारी, निष्पक्ष मतदान, पारदर्शी मतगणना और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने बताया कि देश के लगभग 95 करोड़ मतदाताओं में से करीब 60 करोड़ मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष लगभग 35 करोड़ मतदाताओं का कार्य अभी जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के 35 सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के निर्वाचन प्रबंधन संस्थानों के संगठन इंटरनेशनल आईडीईए की अध्यक्षता वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग कर रहा है।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से लेकर मतदान और मतगणना तक प्रत्येक चरण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। इससे पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहती है।

उन्होंने जानकारी दी कि देश में एक मतदान केन्द्र पर औसतन 873 मतदाता हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन करते हैं और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत तथा डुप्लीकेट मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों की जांच करते हैं। इसके बाद तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का संबंधित मतदान केंद्र के लिए राजनीतिक दलों द्वारा नामित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से सत्यापन कराया जाता है और उनके हस्ताक्षर प्राप्त किए जाते हैं। इस प्रक्रिया को कंकरेंट ऑडिट कहा जाता है। इसके पूरा होने के बाद ही ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाती है, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

इस अवसर पर मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मन प्रसन्न बना रहेगा। अचल संपत्ति की खरीद अथवा कृषि उद्यम में रुचि पैदा होगी। परिवार के साथ मनोरांजनिक स्थल की यात्रा होगी। आपसी प्रेम-भाव में बढ़ोतरी होगी। भविष्य की योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-1-3-5

आज का मौसम

भोपाल

26° / 33°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़