डूंगरपुर, 16 जुलाई।
जिला पुलिस की विशेष टीम ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने करीब तीन लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की है। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के पालीसोडा-पाटिया मार्ग के जंगल वाले रास्ते से गुजरात की ओर अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर जिला विशेष टीम ने अलग-अलग स्थानों पर निगरानी की और पालीसोडा-पाटिया मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिर की सूचना के अनुसार एक होंडा अमेज कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन कार बड़े पत्थरों में फंस गई। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार से विभिन्न ब्रांड की कुल 40 पेटी अंग्रेजी शराब और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने शराब, कार और मोबाइल जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए बिछीवाड़ा थाने को सौंप दिया।
पुलिस का कहना है कि तस्कर मुख्य मार्गों पर बढ़ी निगरानी से बचने के लिए इन दिनों अंदरूनी, कच्चे और जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। विशेष टीम की सतर्कता से इस बार उनका प्रयास नाकाम हो गया।
जिला पुलिस ने अवैध गतिविधियों की सूचना देने के लिए 'तीसरी आंख' मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर 8690180022 जारी किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपराध या अवैध गतिविधियों की जानकारी इस नंबर पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।














