जयपुर, 23 जुलाई।
राजधानी के बजाज नगर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उसकी सोने की चेन व चूड़ियां उतरवाकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि बरकत नगर निवासी नीरज कुलश्रेष्ठ (53) बुधवार सुबह डॉक्टर को दिखाने के बाद ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए इलाके में लगातार चाकूबाजी और लूट की घटनाओं का हवाला दिया। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने कथित पुलिस पहचान पत्र भी दिखाया।
इसके बाद आरोपियों ने सुरक्षा का बहाना बनाकर महिला से सोने की चेन और चूड़ियां उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी। महिला ने घर पास होने की बात कहकर मना किया, लेकिन दोनों बदमाशों ने गहनों की पुड़िया बनाकर पर्स में रखने का नाटक किया। इसी दौरान उन्होंने असली जेवर निकाल लिए और उनकी जगह नकली चेन तथा कृत्रिम चूड़ियां रख दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
घर पहुंचकर ताला खोलने के दौरान महिला को संदेह हुआ। पर्स की जांच करने पर असली गहने गायब मिले और उनकी जगह नकली आभूषण रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई।
थानाधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ईरानी गैंग के सदस्य होने की आशंका है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। मामले की जांच जारी है।












