जयपुर, 23 जुलाई।
अजमेर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मामले में पुलिस ने गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी ई-मेल आईडी के जरिए न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजकर दहशत फैलाने का आरोप है। फिलहाल उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 17 जुलाई को जिला एवं सत्र न्यायालय, अजमेर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। संदेश में न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया।
इसके बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और आसूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के निवासी फलदू हार्दिक (40) के रूप में की।
पुलिस ने आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उससे गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।












