भोपाल, 23 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद और स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के योगदान को देश के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के नायक और प्रदेश की माटी के गौरव चंद्रशेखर आजाद का अदम्य साहस तथा मातृभूमि के प्रति उनका अटूट समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आजाद के त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार देशभक्ति की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति तिलक का संघर्ष, नेतृत्व और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।












