भोपाल, 23 जुलाई।
मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति समर्थन जताया। गुरुवार को इंदौर आगमन पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य एयरपोर्ट पहुंचे तथा मुख्यमंत्री का स्वागत कर इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था संविधान की मूल भावना के अनुरूप सामाजिक समरसता, समानता और न्याय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा और सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों के समर्थन और विश्वास के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग प्रदेश के समावेशी विकास और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।












