जयपुर, 23 जुलाई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की डूंगरपुर इकाई ने डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत फलातेड में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी को टेंट हाउस संचालक के बिल पास करने की एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी जगदीश डामोर ने लिखित शिकायत देकर बताया था कि वह टेंट हाउस का व्यवसाय करता है। उसके अनुसार 6 मई 2026 और 7 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत फलातेड में आयोजित 'प्रशासन गांव के संग' शिविर के लिए ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार डामोर के कहने पर टेंट लगाया गया था। इन आयोजनों के 14,100 रुपये के बिलों का भुगतान लंबित था।
शिकायत के अनुसार परिवादी ने भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत किए तो आरोपी ग्राम विकास अधिकारी ने बिल पास करने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने नियमानुसार उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी तीन हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद एसीबी डूंगरपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेन्द्र कुमार डामोर को परिवादी से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।












