Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
23 Jul, 2026

उबर चालक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में उबर कैब चालक की हत्या कर कार लूटने के मामले में पुलिस ने एआई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया।

जयपुर, 23 जुलाई।

जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में उबर कैब चालक की हत्या और कार लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने मौज-मस्ती, कर्ज चुकाने और कैफे खोलने के लिए चालक की हत्या कर उसकी कार लूटने की साजिश रची थी। मामले का खुलासा हरमाड़ा थाना पुलिस और जयपुर पश्चिम की डीएसटी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, एआई और उबर ऐप से मिले डेटा की मदद से किया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि 22 जुलाई को हरमाड़ा थाना क्षेत्र के नींदड़ स्थित चेतन डूंगरी के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से कई वार के निशान थे। घटनास्थल पर खून और वाहन के टायरों के निशान मिलने के बाद एफएसएल, डॉग स्क्वायड और एमओबी टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने एआई की सहायता से तस्वीर स्पष्ट कर सोशल मीडिया पर जारी की, जिसके बाद उसकी पहचान धौलपुर निवासी और वर्तमान में जयपुर के विद्याधर नगर क्षेत्र में रहने वाले उबर चालक लखपत सिंह (34) के रूप में हुई।

इसके बाद हरमाड़ा थाना और डीएसटी की संयुक्त टीम ने उबर कंपनी से राइड बुकिंग का विवरण प्राप्त किया। जांच के आधार पर मुरलीपुरा निवासी सुधांशु जांगिड़ (22) और सोनू बैरवा (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने हत्या और कार लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कई दिनों से कार लूटने की योजना बना रहे थे। पहली बार उन्होंने खाटूश्यामजी जाने के बहाने कैब बुक की थी, लेकिन बारिश के कारण वारदात नहीं कर सके। बाद में उन्होंने ब्लिंकिट ऐप से रस्सी मंगवाई तथा चाकू, गुप्ती और अन्य सामान खरीदकर वारदात की तैयारी की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल से ऐसे वीडियो भी मिले हैं, जिनसे उन्होंने हत्या के तरीके सीखे थे।

पुलिस के मुताबिक 21 जुलाई की रात दोनों ने वीकेआई क्षेत्र से उबर ऐप के जरिए लखपत सिंह की कैब बुक की। राजावास टोल के पास सुनसान स्थान पर गाड़ी रुकवाकर एक आरोपी ने रस्सी से चालक का गला दबाया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल में फेंककर कार लेकर फरार हो गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज चुकाने और कैफे खोलने के लिए धन जुटाना चाहते थे। इसी उद्देश्य से कार लूटने की योजना बनाई गई थी। वारदात के बाद उन्होंने लूटी गई कार बेचने के लिए उसकी तस्वीरें भी कुछ लोगों को भेजी थीं। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार, रस्सी और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे मामले में आगे पूछताछ कर रही है।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 27°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़