कोटा, 23 जुलाई।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रेलवे कोचों से कॉपर केबल काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी किया गया 16.5 किलोग्राम कॉपर भी बरामद कर लिया गया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम जसवंत सलूजा के पर्यवेक्षण में निरीक्षक प्रभारी चोप सिंह डावर के नेतृत्व में गठित आरपीएफ टीम ने कोटा रेलवे स्टेशन की ओल्ड पिट लाइन क्षेत्र में तीन संदिग्धों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। कार्रवाई में उप निरीक्षक कप्तान, उप निरीक्षक सुमित, सहायक उप निरीक्षक हरवंश बघेल तथा आरक्षक सीताराम, अनिल और मनोज शामिल रहे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16 वर्ग मिमी की करीब 15 मीटर और 6 वर्ग मिमी की करीब 10 मीटर अंडरफ्रेम कॉपर वायरिंग केबल के साथ एक कटर, चाकू और पेचकश बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे कोचों के अंडरफ्रेम से वायर काटकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने यह भी बताया कि पहले चोरी किए गए वायर को जलाकर उससे निकाला गया तांबा एक कबाड़ी को बेच दिया था।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आरपीएफ टीम ने रंगपुर रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर दबिश दी। यहां से चोरी का माल खरीदने के आरोप में हर्ष वर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से रेलवे के अंडरफ्रेम वायर को जलाकर निकाला गया करीब 13 किलोग्राम तांबा बरामद हुआ।
आरपीएफ के अनुसार इस कार्रवाई में कुल 16.5 किलोग्राम चोरी का कॉपर, जिसकी अनुमानित कीमत 8,250 रुपये है, बरामद किया गया है। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में अभियान आगे भी जारी रहेगा।












