महोबा, 23 जुलाई।
महोबा जिले में जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद बकाया राशि नहीं मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शेष 4.60 लाख रुपये मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। गुरुवार को उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अजनर थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी कालूराम कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय नाथूराम ने एसपी शशांक सिंह को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने अपनी थुरट मौजा स्थित भूमि आवश्यकता के चलते बेलाताल कस्बे के बजरिया निवासी दिनेश चौरसिया को पांच लाख रुपये में बेचने के लिए 16 अप्रैल 2024 को इकरारनामा किया था। उस समय आरोपित ने केवल 40 हजार रुपये दिए थे।
पीड़ित के अनुसार बाद में रजिस्ट्री कराने का समय आने पर आरोपित ने खाते में रुपये नहीं होने की बात कहकर नकद भुगतान का भरोसा दिया। इस पर विश्वास करते हुए उसने 16 जून 2026 को जमीन की रजिस्ट्री भी करा दी।
पीड़ित का आरोप है कि 29 जून को जब उसने शेष 4.60 लाख रुपये की मांग की तो आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने शिकायत में यह भी कहा कि आरोपित प्रभावशाली और दबंग व्यक्ति है, जिससे उसे और उसके परिवार की सुरक्षा को खतरा है।
पीड़ित ने थाना पुलिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।












