बक्सर, 23 जुलाई।
बक्सर जिले के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग ने एक कार से 176.05 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के बलिया से पटना ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान वाहन जब्त कर दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे नियमित जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन का पंजीकरण संख्या BR-01CX-1735 है। तलाशी में विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 120 बोतल (90 लीटर), मैजिक मोमेंट्स वोडका की आठ बोतल (6 लीटर), 100 पाइपर्स की एक बोतल (0.75 लीटर), ब्लैक एंड व्हाइट की दो बोतल (1.50 लीटर), 8 पीएम गोल्ड की 180 एमएल की 40 बोतल (7.20 लीटर), आफ्टर डार्क की 180 एमएल की 45 बोतल (8.10 लीटर), ब्लेंडर्स प्राइड की 180 एमएल की 25 बोतल (4.50 लीटर) तथा बडवाइजर मैग्नम बीयर की 500 एमएल की 116 कैन (58 लीटर) शामिल हैं। कुल मिलाकर 176.05 लीटर शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का करीब 42 वर्षीय व्यक्ति और दूसरा बलिया जिले का करीब 30 वर्षीय युवक है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने कार को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












