चंडीगढ़, 23 जुलाई।
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी और नगर निगम के फंड में हेराफेरी के मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इस सिलसिले में चंडीगढ़ और लुधियाना के कुल पांच ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए हैं।
छापेमारी के दौरान जांच टीम ने भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य, वित्तीय रिकॉर्ड, संपत्ति के कागजात और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में लिए हैं।
यह पूरा एक्शन आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में रखे गए निगम और स्मार्ट सिटी के खातों से पैसों के कथित दुरुपयोग की जांच के सिलसिले में किया गया है।
एजेंसी ने जिन ठिकानों पर दबिश दी उनमें सीएससीएल के अधिकारी अनुभव मिश्रा के अलावा कुछ निजी संस्थाएं और संदिग्ध लोग शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि यह घोटाला हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये की फर्जी एफडी और धोखाधड़ी वाले लेनदेन से जुड़ा हुआ है।
हरियाणा सरकार के आग्रह पर इस केस को अपने हाथ में लेने के बाद एजेंसी पहले भी कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
चंडीगढ़ से जुड़े मामलों में भी कई बैंक अधिकारियों, सरकारी कर्मियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ जांच का दायरा बढ़ाते हुए शिकंजा कसा जा रहा है।











